
शिमला। दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में अब एक्सरे रिपोर्ट के लिए मरीजों को घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एक्सरे के बाद महज पांच मिनट के भीतर रिपोर्ट मरीज को सौंप दी जाएगी। यह मरीजों के लिए बड़ी राहत होगी। रिपोर्ट दोपहर बाद मिलने से मरीजों का काफी समय बर्बाद हो जाता है। लेकिन अब डीडीयू में अत्याधुनिक उपकरण लगाए जाने के बाद यह सुविधा शुरू कर दी गई है। इसमें चार सौ एक्सरे करने की क्षमता है। एक्सरे फीस पचास रुपये निर्धारित की गई है।
डीडीयू में रोजाना औसतन डेढ़ सौ से दो सौ एक्सरे होते हैं। अभी तक पुरानी विधि से ही एक्सरे किए जाते रहे हैं। बिना एक्सरे रिपोर्ट के मरीज का उपचार लटक जाता है। पहले मरीज डाक्टर के पास अपनी बारी के इंतजार में खड़े रहते हैं। उसके बाद अगर डाक्टर ने एक्सरे लिख दिया तो फार्म भरने के बाद एक बार फिर से लाइन में रहना पड़ता है। एक्सरे के बाद मरीज से कहा जाता है कि रिपोर्ट के लिए थोड़ा इंतजार करो। इसमें मरीज का काफी समय बर्बाद हो जाता है। जब तक रिपोर्ट हाथ में आती है, तब तक कई बार डाक्टर सीट से उठ जाते हैं, मरीज डाक्टर को खोजता रहता है। लेकिन अब हाथों हाथ रिपोर्ट मिलने से मरीज को सहूलियत होगी और डाक्टर भी रिपोर्ट देखने के बाद तत्काल उपचार शुरू कर देगा। उधर, इस बारे में वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. दलीप सिंह कंवर ने कहा कि मरीजों को आ रही दिक्कतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। यह व्यवस्था डीडीयू में शुरू कर दी गई है। पांच मिनट में एक्सरे रिपोर्ट मरीजों को दी जा रही है।
