ग्रामीण बैंक कर्मचारियों का आंदोलन तेज

मंडी। हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक कर्मचारियों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मी काले बिल्ले लगाकर प्रबंधन के खिलाफ रोष प्रकट कर रहे हैं। 15 जुलाई को बैंक कर्मचारियों ने धरने की बात कही है। हिमाचल ग्रामीण बैंक अधिकारी संघ के बैनर तले कर्मचारी एक जुलाई से विभिन्न मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ संघर्षरत हैं। आरोप है कि बैंक प्रबंधन के नकारात्मक रवैये के कारण उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। संघ के प्रधान तेज प्रकाश गुप्ता ने कहा कि तीन दिन से बैंक कर्मचारी बिल्ले लगाकर रोष जता रहे हैं। इसके बावजूद बैंक प्रबंधन मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। 30 मई को बैंक प्रबंधन को कर्मचारियों और अधिकारियों की मांगों का नोटिस दिया गया था। एक माह बीत जाने पर किसी भी मांग को प्रबंधन ने गंभीरता से नहीं लिया। कर्मचारियों की कई मांगें ऐसी हैं, जिन्हें बैंक अध्यक्ष अपने स्तर पर पूरी कर सकते हैं। बैंक प्रबंधन ने नई भर्ती कार्यालय सहायकों की स्नातक वेतन वृद्धियां भी वापस ले ली हैं। पिछले 25 से 30 साल से सफाई कर्मियों को घोषित संदेश वाहकों के पदों पर नियमित नहीं किया गया। अन्य बैंकों के समान भत्ते भी नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक प्रबंधन का नकारात्मक रवैया रहा तो 15 जुलाई को सभी कर्मचारी धरना देंगे।

Related posts