
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में करीब डेढ़ सप्ताह पूर्व एक विवाहिता द्वारा फंदा लगाकर जान देने के मामले में आरोपी पति आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। बुधवार को पुलिस ने मृतका के पति को घुमारवीं बाजार में धर दबोचा।
गौरतलब है कि घुमारवीं पुलिस थाने के सामने किराये के मकान में अपने पति सौरभ व डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ रहने वाली महिला शीतल ने गत 23 जून को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। घटना के बाद से उसका पति फरार था। मायके वालों ने बेटी की मौत के लिए अपने दामाद को दोषी करार दिया था। उनका आरोप था कि सौरभ के रवैये व प्रताड़ना से तंग आकर ही उनकी बेटी ने आत्महत्या की है।
मृतका के मायके वालों की शिकायत के आधार पर सौरभ के खिलाफ मामला दर्ज करके घुमारवीं पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार को उसे घुमारवीं बाजार में ही दबोच लिया गया। डीएसपी अंजनी जसवाल ने सौरभ को गिरफ्तार करने की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
