
बिलासपुर। कालेजों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही छात्र संगठनों में टकराव की स्थिति पैदा होने लगी है। बिलासपुर कालेज में बुधवार को एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। एबीवीपी का आरोप है कि एक अन्य संगठन से जुड़े विद्यार्थियों ने विद्यार्थी परिषद के एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट की।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर कालेज में बुधवार दोपहर के समय दो संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर तकरार हो गई। एबीवीपी के कैंपस अध्यक्ष आदित्य ठाकुर ने आरोप लगाया कि अपनी मार्कशीट लेने कालेज पहुंचे विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता विनोद पर बीएसए के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। उसके साथ मारपीट की गई। वहां मौजूद विद्यार्थियों ने बीच-बचाव कर विनोद को बचाया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाए एक पुलिस कर्मी ने उल्टे एबीवीपी के जिला अध्यक्ष मंजीत नड्डा के साथ गालीगलौज व मारपीट की।
उधर, सदर थाना प्रभारी एवं डीएसपी प्रोबेशनर प्रमोद चौहान ने कालेज में छात्रों के बीच कुछ विवाद होने की पुष्टि करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की छानबीन की जा रही है। उन्हाेंने किसी पुलिस कर्मी द्वारा एक छात्र के साथ मारपीट के आरोप को नकारते हुए कहा कि मौके पर मौजूद सभी विद्यार्थियों को समझा-बुझा कर शांत किया गया। कालेज में पुलिस कर्मी तैनात किए हैं।
