बड़ा भंगाल में घपले के आरोपों की जांच शुरू

पपरोला (कांगड़ा)। उपमंडल बैजनाथ की पंचायत बड़ा भंगाल में विकास कार्यों में लाखों के घपले के आरोपों की जांच के लिए बैजनाथ से टीम वीरवार को वाया चंबा होते हुए बड़ा भंगाल के लिए रवाना होगी। जांच अधिकारी (एसडीओ) आत्म सिंह ने बताया कि टीम को बड़ा भंगाल पहुंचने में 5 से 7 दिन लगेंगे। इसके बाद पंचायत में हुए विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण कर आरोपों की सत्यता परखी जाएगी। जांच टीम में पंचायत उप निरीक्षक अरुण गुलेरिया, एक जेई, तकनीकी सहायक और पंचायत सचिव शामिल हैं। एसडीओ ने कहा कि जांच रिपोर्ट डीसी कांगड़ा सी पालरासू को सौंपी जाएगी। इसके बाद मामले में अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पता चला है कि ब्लॉक बैजनाथ कार्यालय में भी मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार जांच में आरोप सही निकले तो संबंधित पंचायत प्रधान और अन्य संबंधित अधिकारियों पर गाज गिर सकती है। बड़ा भंगाल पंचायत के कुछ लोगों ने आरटीआई का सहारा लेकर पंचायत में मनरेगा व बैकवर्ड एरिया प्लान के तहत हुए विकास कार्यों में लाखों के गोलमाल के आरोप लगाकर डीसी कांगड़ा को शिकायत भेजी थी जिस पर डीसी ने बीते मई में जांच के आदेश दिए थे। लेकिन, खराब मौसम के चलते जांच टीम अभी तक बड़ा भंगाल नहीं जा सकी थी।

Related posts