
अंब/मैड़ी (ऊना)। उपमंडल की एक पंचायत की युवती ने अपने पिता पर कथित तौर पर दुराचार का आरोप लगाते हुए अंब थाने में शिकायत दी है। युवती ने थाने में कहा कि उसका पिता पिछले पांच साल से उसे अपनी हवस का शिकार बना रहा है। युवती ने कहा कि कई बार उसके पिता ने उसकी कनपटी पर रिवाल्वर तानकर मजबूर किया। अपने पिता के खिलाफ हिम्मत जुटा कर किसी तरह वह अंब थाना पहुंची है। यह भी आरोप जड़ा कि उसके पिता उस पर कड़ी निगरानी रखता है और उसके मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर भी पाबंदी लगा रखी है। इस पर पुलिस ने युवती के पिता को भी थाना तलब किया। लड़की की मां भी थाने में पहुंची। लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी का चाल चलन ठीक नहीं है। लड़की की मां ने कहा कि पिता ने जब थोड़ी सख्ती की तो लड़की आपा खो बैठी। इस पर अंब थाने में खूब हंगामा हुआ। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार लड़की ने अपने बयान में कहा कि उसका पिता रिवाल्वर के दम पर उसके साथ दुराचार करता रहा।पिता ने उसके मोबाइल इस्तेमाल करने पर भी रोक लगा रखी थी। लड़की ने बीए के बाद पीजीडीसीए भी किया है। लड़की ने अपने साथ हो रहे अत्याचार को लेकर अपने साथ पढ़ने वाली लड़कियों को भी अवगत कराया। सभी ने उसे पुलिस की मदद लेने की सलाह दी। इन दिनों लड़की एक विभाग में छह माह का प्रशिक्षण ले रही है। लड़की ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह भी उसके पिता ने उसके साथ दुराचार किया। इसके बाद उसका पिता उसे कार्यस्थल तक छोड़ने गया। उस वक्त भी उसके पास रिवाल्वर और छह जिंदा कारतूस थे। एएसपी रविंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि युवती थाने में आई थी। इसमें धारा 376, 506 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
