
ठियोग (शिमला)। ठियोग थाना के तहत लाफूघाटी के नजदीक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पिकअप के करीब पांच सौ मीटर खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, दो जख्मी हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की तफ्तीश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पिकअप नंबर एचपी 62ए-0552 लाफूघाटी के नजदीक पटीनल लिंक सड़क से करीब पांच सौ मीटर खाई में गिर गई। इसमें चालक समेत तीन लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गिरजानंद निवासी किलड़ा (ठियोग) के रूप में हुई है। जबकि, घायलों के बारे में पता नहीं चला है। दोनों को घटनास्थल से तुरंत आईजीएमसी शिमला भेजा गया। डीएसपी सागर चंद्र ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों को जानने के लिए तफ्तीश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पूर्व प्रधान पर कर्मियों को भड़काने का आरोप
रामपुर बुशहर। विशाल हिमाचल प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राजकीय कर्मचारी महासंघ रामपुर इकाई की बुधवार को बैठक हुई। इकाई प्रधान केवलराम सनाटू की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व प्रधान राम दयाल मेहता पर कर्मचारियों को भड़काने का आरोप लगाया गया। इकाई प्रधान ने कहा कि पूर्व प्रधान ने पांच जुलाई को रामपुर खंड के चुनाव रखे हैं, जो गलत है। वह रामपुर कार्यकारिणी का सदस्य तक नहीं हैं। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे पूर्व प्रधान के बहकावे में न आएं। बैठक में वरिष्ठ उपप्रधान डोलाराम, सत्या प्रकाश, महासचिव बख्शी राम कैदारटा, संतराम, राजू, मुर्कीलाल आदि मौजूद रहे।
