हल्की बारिश होते ही बत्ती गुल

ठियोग (शिमला)। उपमंडल ठियोग में हल्की बरसात होते ही बिजली जाना आम हो गया है। आसपास के इलाकों में बिजली कट हल्की बरसात शुरू होते ही लगना शुरू हो जाते हैं। समस्त ठियोग की जनता को बिजली की इस परेशानी से आज तक निजात नहीं मिल पाई है।
अस्पताल में मरीजों के साथ तीमारदारों को भी परेशानी से दो चार होना पड़ता है। ऐसा ही वाकया मंगलवार देर शाम देखने को मिला। समय शाम सात बजे हल्की बरसात की बूंदें जैसे ही जमीन पर गिरीं, बिजली गुल हो गई। इसके चलते लोगों को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। स्थानीय निवासी बाजार के पंकज ने बताया कि बिजली जाना आम है। वह वार्ड नंबर चार में रहते हैं और सुबह के समय तो बिजली तीन से चार बार जाती है। उधर, वार्ड नंबर सात में रहने वाले अनूप ने बताया कि हल्के बादलों के आसमान में छाते ही बिजली गुल हो जाती है। बिजली की इस परेशानी को लेकर बिजली बोर्ड को सूचित किया जाता रहा है, लेकिन बोर्ड की ओर से समस्या के समाधान को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है। वार्ड नंबर चार में रहने वाली नीलम कुमारी ने बताया कि बिजली जाने से घर में कोई काम नहीं हो पाता। बोर्ड के एक्सईएन शिवलाल भारद्वाज ने बताया कि गुम्मा में खराबी आने से मंगलवार देर शाम बिजली गुल हो गई थी। एसडीओ अजय कुमार ने बताया कि वार्ड नंबर चार में सुबह के वक्त पेश आ रही दिक्कत को जल्द दूर किया जाएगा।

Related posts