
इस्लामाबाद: पाकिस्तान में व्याप्त बिजली संकट को देखते हुये देश के बिजली मंत्री की प्रस्तावित भारत यात्रा पर तीखी टिप्पणी करते हुये आतंकवादी संगठन जमात उद दावा के प्रमुख और मुंबई हमले के मास्टर माइंड हाफिज सईद ने कहा है कि पाकिस्तान को बिजली के लिये भारत के सामने हाथ नहीं फैलाना चाहिये। पाक बिजली मंत्री इशाक डार ने कहा था कि भारत पाकिस्तान को 2000 मेगावाट बिजली बेचने का इच्छुक है और पाकिस्तान भारत के इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार सईद ने एक सम्मेलन में कहा .. भारत पाकिस्तान की नदियों से बिजली पैदा करता है और फिर उसी बिजली को हमें बेचना चाह रहा हैं। क्या पाक सरकार को यह बात भी नहीं समझ में आती है।.. जमात उद दावा को भारत-अमेरिका और ब्रिटेन तथा कुछ अन्य देशों ने आतंकवादी संगठन घोषित किया है। अमेरिका ने मुंबई हमले के बाद सईद पर एक करोड डालर का ईनाम घोषित किया हुआ है।
