ऑनलाइन देखें प्री-दाखिला फॉर्म का डाटा

नई दिल्ली। डीयू में दाखिले की रेस में कॉलेज अब छात्रों के फॉर्म वेरिफिकेशन के नाम पर बेवजह भागदौड़ नहीं करा सकेंगे। दरअसल, कॉलेजों की ओर से छात्रों को कराई जा रही भागमभाग के चलते कई छात्र दाखिले से चूक रहे थे। कॉलेज छात्रों को प्री-एडमिशन फॉर्म की कॉपी को वेरिफाई कराने के लिए लगातार डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय भेज रहे हैं। जिसके कारण आने-जाने में ही काफी समय बर्बाद हो रहा है। ऐसे में अब डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय ने प्री-एडमिशन फॉर्म का सारा डाटा ऑनलाइन कर दिया है। इससे कॉलेज स्वयं ही चेक कर सकता है और छात्र-छात्राओं को वेरिफाई कराने की जरूरत भी नहीं है।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. जेएम खुराना के मुताबिक पहले ऑनलाइन व ऑफलाइन फॉर्म के वेरिफिकेशन के लिए कॉलेजों को एक स्पेशल लिंक दिया गया था। स्टूडेंट वेलफेयर के प्रकाश में आया कि प्रक्रिया को सरल बनाने के बावजूद कुछ कॉलेज वेरिफिकेशन कराने के लिए स्टूडेंट वेलफेयर के कार्यालय भेज रहे हैं। लिहाजा अब प्री-एडमिशन फॉर्म के डाटा को ऑफलाइन व ऑनलाइन अलग-अलग एक्सेल शीट में URL:download.du.ac.in पर उपलब्ध करा दिया गया है। इससे कॉलेज सीधे यहीं से किसी छात्र के प्री-एडमिशन फॉर्म को देख सकता है।

Related posts