चार को भारत पहुंचेगा पहला दल

डीडीहाट। कैलास-मानसरोवर यात्रा का पहल दल वापसी में 4 जुलाई को भारतीय सीमा में प्रवेश करेगा। मौसम विभाग ने 4 और 5 जुलाई को भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। ऐसे में यात्रियों को सकुशल निकालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी।
पहले दल के जन संपर्क अधिकारी चंदन सिंह ने बताया कि दल ने कैलास पर्वत की परिक्रमा पूरी कर ली है। अब दल मानसरोवर झील की परिक्रमा कर रहा है। बताया कि मंगलवार को दल कुजु नामक स्थान पर रुका हुआ है। यह दल तकलाकोट होते हुए 4 जुलाई को भारतीय सीमा में प्रवेश करेगा।
इधर, मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आईटीबीपी के जवानों ने कमर कस ली है। आईटीबीपी की सातवीं वाहिनी के सेनानी केदार सिंह रावत ने बताया कि बूंदी से नीचे आने वाले सभी पैदल मार्ग कई जगह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कंच्योती और तवाघाट का पुल बाढ़ की भेंट चढ़ चुका है। बताया कि इसी को ध्यान में रखते हुए विदेश मंत्रालय से हेलीकॉप्टर की मांग की गई है।

Related posts