
धारचूला, मुस्यारी (पिथौरागढ़)। प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को एक बार फिर पार्टी की अंदरूनी विपदा का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से सरकार के खिलाफ मुखर धारचूला के विधायक हरीश धामी राजनीतिक बोल्डर की तरह फिर अड़ गए हैं। वहीं विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल गांवों में फंसे लोगों को निकालने प्रशासन की ढिलाई बता फिर से बरसना शुरू कर दिया है।
प्रदेश में पार्टी के असंतुष्ट विधायकों ने सरकार के लिए एक बार फिर मुसीबत खड़ी की है। प्रदेश सरकार और वायु सेना के पायलटों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए विधायक धामी तहसील प्रांगण में धरने में बैठ गए हैं। उन्होंने आपदा पीड़ितों की सारी समस्याओं का समाधान नहीं होने तक धरना जारी रखने का ऐलान किया है। विधायक के समर्थन में सैकड़ों लोग धरनास्थल में डटे हुए हैं।
विधायक का कहना है कि धारचूला और मुनस्यारी तहसील में आपदा आए 15 दिन बीत गये हैं। उसके बाद भी लोगों तक मदद नहीं पहुंची है। सरकार राहत कार्यों में ढिलाई बरत रही है। प्रदेश सरकार ने आपदाग्रस्त इलाकों के लोगों को भेड़ बकरियों की तरह धारचूला में एकत्रित कर दिया है लेकिन लोगोें को राशन, कपड़े और सिर छुपाने के लिए जगह तक नहीं मिली है। प्रदेश सरकार ने सेना के हेलीकॉप्टर 75 हजार रुपये प्रति घंटे की दर से किराए पर लिए हैं। पायलट केवल सेना के जवानों को ही ढोने का काम कर रहे हैं। जबकि सोबला, तेजम, बोगलिंग, नांगलिंग, सेला, नारायणआश्रम, गुंजी, छियालेख, नाभी जैसे इलाकों में अब भी सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं।
वहीं विधान सभाध्यक्ष कुंजवाल ने मदकोट के आपदाग्रस्त इलाकों का दौरा कर खुद एक ट्रक राहत सामग्री 750 आपदा प्रभावितों में बंटवाई। उन्होंने आपदा में मकान खो चुके सिरतोला निवासी साधु सिंह और गोल्फा के भगवान सिंह को एक-एक लाख रुपये का चेक दिया। श्री कुंजवाल ने कहा कि गांवों में फंसे लोगों को निकालने में प्रशासन ने ढिलाई बरती है। उनका कहना है कि मौसम साफ होने के बाद भी तमाम इलाकों में फंसे ग्रामीणों को निकालने में प्रशासन की ढिलाई सामने आ रही है। मौसम साफ होने के बाद गांवों में फंसे लोगों को निकाला जाना चाहिए। खतरे में आए लोगों को सरकार से बात कर और मदद दिलाई जाएगी। कुंजवाल ने कहा कि नदी, घाटी वाले इलाकों में खतरे की जद में आए लोगों को विस्थापित करने के लिए ठोस नीति बनानी होगी। आगामी विधानसभा सत्र में इस पर व्यापक चर्चा कराई जाएगी।
