व्यापारी नेता से मारपीट के विरोध में हंगामा

नैनीताल। एटूजेड कंपनी के प्रतिनिधि और व्यापारी नेता के बीच हुआ विवाद मंगलवार को विरोध, प्रदर्शन में बदल गया। प्रतिनिधि पर व्यापारी नेता के साथ कथित मारपीट का आरोप लगाते हुए नगर के व्यापारियों ने कंपनी के खिलाफ बाजार में प्रदर्शन किया और विवाद में संलिप्त प्रतिनिधि को पुलिस के हवाले कर दिया। व्यापारियों ने ऐलान किया है कि एटूजेड कंपनी नैनीताल से गोटूजेड की जाएगी और तब तक विरोध जारी रहेगा। इधर, पुलिस ने व्यापारी नेता की तहरीर पर कंपनी प्रतिनिधि के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
तल्लीताल बाजार क्षेत्र में वाहनों के लिए प्रतिबंधित समयावधि में धड़ल्ले से एटूजेड कंपनी के वाहनों के प्रवेश पर व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति साह ने आपत्ति जताई और कंपनी प्रतिनिधि देशराज गिरी को निर्धारित समय पर ही वाहन बाजार क्षेत्र में लाने को कहा। इसी बात पर देशराज और मारुति के बीच विवाद बढ़ गया। प्रतिनिधि पर अध्यक्ष के साथ कथित मारपीट का आरोप है। इसकी भनक लगते ही नगर के व्यापारी एकजुट हो गए और खूब प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने देशराज को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान तल्लीताल बाजार तथा थाने में व्यापारियों और क्षेत्र के लोगों की भीड़ जुट गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पालिकाध्यक्ष श्याम नारायण, ईओ रोहिताश शर्मा, सभासद कन्नू अधिकारी, अजय भट्ट, किरन साह आदि ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों को समझाया और उसके बाद भीड़ थाने पहुंच गई। अध्यक्ष साह की तहरीर थाना बारादरी (बरेली) निवासी देशराज के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506 में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रदर्शन में जेके शर्मा, सर्वर खान, कैलाश तिवारी, राजेंद्र मनराल, त्रिभुवन फर्त्याल, रामेश्वर साह, सुनील अग्रवाल, विक्की राठौर, कन्नू साह, अनिल गड़िया, कमल, अजमल हुसैन आदि शामिल थे।

डस्टबिन वापस किए
नैनीताल। एटूजेड कंपनी के खिलाफ विरोध तल्ख करते हुए व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में कंपनी की ओर से बांटे वितरित किए बाल्टीनुमा डस्टबिन तथा कुछ बड़े डस्टबिन वापस कर दिए। कहा गया कि कंपनी प्रतिनिधियों को बाजार में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पालिका के सफाई कर्मचारी ही पूर्व की भांति कूड़ा एकत्र करेंगे। व्यापार मंडल ने इस संबंध में पालिकाध्यक्ष को पत्र भी लिखा है।

Related posts