पूर्ति कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट का छापा

हल्द्वानी। क्षेत्रीय पूर्ति कार्यालय में राशन कार्ड बनवाने के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत पर सिटी मजिस्ट्रेट ने मंगलवार को जिला पूर्ति अधिकारी के साथ औचक छापामारी की। रिश्वत मांगे जाने के आरोपों की पुष्टि तो नहीं हुई, लेकिन कार्यालय में अव्यवस्था देख सिटी मजिस्ट्रेट दंग रह गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में सरलीकरण कर सभी आवेदनों को पंजीकृत करने के बाद एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
राशन कार्ड बनवाने के एवज में पांच सौ से लेकर एक हजार रुपये रिश्वत मांगी जाती है। रिश्वत मांगे जाने की शिकायत पर सिटी मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल ने मंगलवार को जिला पूर्ति अधिकारी राहुल शर्मा के साथ बरेली रोड स्थित पूर्ति कार्यालय में छापा मारा। छापे से कार्यालय में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी तो आफिस से गायब थे और कार्ड बनवाने वाले कई लोग कर्मचारियों के इंतजार में बैठे थे। सिटी मजिस्ट्रेट ने कार्ड आवेदन करने वालों से पूछताछ की, लेकिन रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि नहीं हुई। सिटी मजिस्ट्रेट ने कार्यालय में रजिस्टरों को देखा। राशन कार्ड आवेदकों एवं जारी होने वाले कार्ड की जानकारी मांगी गई। कार्यालय में इनका स्पष्ट रिकार्ड नहीं होने से सिटी मजिस्ट्रेट ने निरीक्षक एवं कर्मचारियों को फटकार लगाई। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि दस जुलाई तक होने वाले सभी आवेदन रजिस्टर में दर्ज किए जाएं। 11 जुलाई से निरीक्षण आवेदनों का भौतिक सत्यापन करेंगे और एक सप्ताह के भीतर इसकी रिपोर्ट देंगे। उन्होंने कहा कि लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।

Related posts