बस का इंतजार कर रही महिला को सेना के ट्रक ने रौंदा

देहरादून। सड़क किनारे सिटी बस का इंतजार कर रही महिला सेना के ट्रक की चपेट में आ गई। घायल महिला को सेना के ट्रक से ही गढ़ीकैंट स्थित आर्मी हास्पिटल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
डाकरा गढ़ी निवासी मिथिलेश क्षेत्री (58) पत्नी एमएच क्षेत्री मंगलवार सुबह किसी काम से दिलाराम बाजार आई हुई थी। शाम साढ़े छह बजे के करीब वह वापस जाने के लिए वाटर वर्क्स के सामने कैंट रोड पर बस के इंतजार में खड़ी हो गई। इसी बीच सेना के ट्रक ने महिला को चपेट में ले लिया। महिला की चीख की आवाज सुनकर चालक ने ट्रक रोक दिया जबकि पिकेट में मौजूद पुलिसकर्मी मौके की तरफ दौड़े। घायल महिला को तुरंत सेना के ट्रक से ही आर्मी अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक महिला की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और मृतक महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस के अनुसार, अभी तक महिला के परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Related posts