पेयजल योजना को लेकर ग्रामीण दो धड़ों में बंटे

नई टिहरी। जौनपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत सेंजी में निर्माणाधीन स्वेप पेयजल योजना को लेकर ग्रामीण दो धड़ों में बंट गए हैं। योजना निर्माण में अनियमिताओं का आरोप लगाते हुए एक पक्ष ने जबरन निर्माण रोक दिया है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सीडीओ से मुलाकात की कहा कि ग्राम पंचायत की सहमति पर पेयजल योजना निर्माण किया जा रहा है। लेकिन कुछ लोग ठेकेदारी के लिए निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हैं।
स्वेप योजना के तहत सेंजी में 27 लाख 91 हजार की लागत से बाझला तोक से पेयजल योजना का निर्माण दो माह पहले शुरू किया गया था। इस योजना के बनने से सेंजी, ईसल तोक व गेढसारी तोक में निवासरत परिवारों को पेयजल सुविधा मुहैया होनी है। योजना निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की कमेटी गठित की गई है। करीब एक किमी लाइन भी बिछाई जा चुकी है। लेकिन कुछ लोगों ने योजना निर्माण में अनियमिता का आरोप लगाते हुए काम बंद करा दिया है।
मामले की उच्च स्तरीय जांच करने और काम में व्यवधान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्राम प्रधान कविता रौछेला और जिला पंचायत सदस्य रेखा डंगवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सीडीओ सविन संबल से मिला। ग्रामीणों का कहना था कि योजना का निर्माण ग्रामीणों की देखरेख में हो रहा है। बावजूद कुछ स्वार्थी लोग ठेकेदारी के लिए कार्य में व्यवधान पैदा कर रहे हैं। सीडीओ ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाएगी। जबरन काम रोकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में सुरेंद्र सिंह रावत, लाखी सिंह, कमल रावत, बलदेव सिंह, बचन सिंह और टीकम सिंह आदि शामिल थे।

Related posts