
घनसाली (टिहरी)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कहा कि आपदा की घड़ी में उनकी पार्टी सरकार को हर संभव सहयोग के लिए तैयार है। सरकार अब तक आपदा से निपटने में नाकाम रही है।
प्रदेश अध्यक्ष रावत ने कहा कि केदारनाथ तथा उत्तरकाशी में बाढ़ से तबाही में सरकार घटना के तीन दिन बाद भी राहत और बचाव कार्य नहीं कर पाई। जिससे हजारों लोग बेमौत मारे गए हैं। सरकार ने चार धाम यात्रा शुरू होने से पहले यात्रा की तैयारी को लेकर कोई बैठक नहीं की। यात्रा पड़ावों पर आपदा बचाव के कोई उपकरण नहीं भेजे। जिससे राहत बचाव कार्य नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि भापजा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार को हर संभव सहायता देने के लिए कटिबद्ध है। रावत ने कहा कि अटल सरकार के समय राज्य में अलग से आपदा प्रबंधन मंत्रालय गठित किया गया था। इस मौके भाजपा प्रदेश महामंत्री ज्ञान सिंह नेगी, संजय नेगी, चंद्र किशोर मौठाणी, महावीर पंवार, विजेंद्र गुसाई, नीरज खत्री, संदीप रावत, आशीष पंवार, जयवीर मियंा, पारेश्वर बडोनी, राजेंद्र प्रसाद, प्रेम कंसवाल, आनंद बिष्ट, प्रताप सिंह और प्रमोद बिष्ट मौजूद थे।
