उच्च शिक्षण संस्थानों राष्ट्रीय स्तर पर सर्वेक्षण

चंपावत। उच्च शिक्षण संस्थानों, पालीटेक्निक कालेजों, मेडिकल, प्रबंधन और तकनीकी कालेजों में उपलब्ध सुविधाओं, उनकी जरूरतों, वित्तीय संसाधन, कोर्स आदि जानकारी हासिल करने के लिए अखिल भारतीय स्तर पर सर्वेक्षण का काम शुरू हो चुका है। भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और राष्ट्रीय प्रशासन तथा नियोजन विभाग की ओर से यह सर्वेक्षण कराया जा रहा है। सर्वेक्षण की रिपोर्ट सामने आने के बाद उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए तैयार की जाने वाली प्लानिंग में आसानी हो जाएगी। अब इस तरह का सर्वेक्षण हर वर्ष कराया जाएगा।
सर्वेक्षण के लिए चंपावत डिग्री कालेज के प्राचार्य डा. सीडी सूंठा को राज्य नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा हर शिक्षण संस्थान में अलग से नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। दिल्ली में गत 21 जून को हुई पहली बैठक में भाग लेने के बाद यहां पहुंचे डा. सूंठा ने बताया कि यह सर्वेक्षण हर वर्ष आनलाइन किया जाएगा। इससे उच्च शिक्षण संस्थानों में नामांकन की संख्या, स्टाफ की उपलब्धता, अवस्थापना ढांचा, वित्तीय संसाधन, संस्थानों में उपलब्ध कोर्स की जानकारी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के उच्च शिक्षण संस्थानों की व्यवस्था में एकरूपता लाने तथा उनमें सुविधाओं का विस्तार करने में यह सर्वेक्षण मददगार साबित होगा। साथ ही इन संस्थानों के लिए नियोजन तैयार करने में सरकार को आसानी हो जाएगी।

Related posts