चंपावत में 24 घंटे के भीतर पांच मिमी बारिश

चंपावत। जिले में बारिश की रफ्तार एक बार फिर से बढ़ने लगी है। बीते 24 घंटे में यहां पांच मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। बारिश का क्रम रोज जारी है। मौसम विभाग ने पांच जुलाई से बारिश की गति तेज होने के संकेत दिए हैं। लगातार हो रही बारिश से यहां के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई है। रात में हुई बारिश के कारण सुबह के समय यहां का प्राकृतिक सौंदर्य निखार पर आ गया। सुबह हल्के कोहरे का असर रहा।
मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि पांच जुलाई के बाद अगले 48 घंटे तक बारिश की रफ्तार और तेज हो सकती है। इस स्थिति को लगातार मानीटर किया जा रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि मानसून की बारिश बीच बीच में गति पकड़ती रहेगी। कम से कम मध्य सितंबर तक यही स्थिति बनी रह सकती है। बारिश से यहां नदियों तथा नालों का जल स्तर बढ़ गया है। नए प्राकृतिक स्रोत इस बार समय से पहले ही फूट गए हैं। दिन के समय हल्की धूप आने से उमस भरी गर्मी का असर बढ़ रहा है।

Related posts