
चंपावत। भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में राज्य सरकार पर दैवीय आपदा प्रभावितों की सुध न लेने का आरोप लगाया गया। कहा, क्षेत्रीय विधायक हेमेश खर्कवाल जहां दैवीय आपदा के एक पखवाड़े बाद पीड़ितों के बीच पहुंचे, वहीं आपदा पीड़ितों की मदद करने के बजाए विधायक निधि से मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि देने में व्यस्त रहे।
मंगलवार को मंडल अध्यक्ष मुकेश कलखुड़िया की अध्यक्षता और हरीश पांडेय के संचालन में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर आपदा से निपटने में पूरी तरह असफल रहने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं का कहना था कि राज्य सरकार का अधिकांश समय अपने ही विधायकों के डेमैज को कंट्रोल करने में बीत रहा है। ऐसे में आपदा पीड़ित तो क्या आम जनता का सुध लेवा भी कोई नहीं रह गया है। अब दैवीय आपदा के नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट की जाएगी। इस मौके पर पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख हरीश मिश्रा, हेमंत जोशी, जगदीश पनेरू आदि कार्यकर्ताओं ने भी विचार रखे।
