मारपीट और हवाई फायर से दहशत

बाजपुर। बिजली चोरी की शिकायत करने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसी घटना के दौरान गांव में किसी व्यक्ति ने हवाई फायर कर दिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। मंगलवार को प्रधानपति ने दोनों पक्षों का समझौता करा दिया।
सोमवार को देर रात गांव मडैया हट्टू निवासी कुवंरपाल सिंह और भजन सिंह के बीच बिजली चोरी की शिकायत करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। हंगामा सुनकर चोरों के आने की आशंका को देखते हुए गांव निवासी एक व्यक्ति ने हवाई फायर कर दिया, जिससे गांव में अफरा तफरी मच गई। मामले की जानकारी होने पर ग्रामीण शांत हो गए। इधर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल डीआर आर्य ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच प्रधानपति हीरा सिंह की मध्यस्था से समझौता हो गया। समझौते की प्रति कोतवाली में दी गई है, जिस पर कोई कार्रवाई नही की गई है।

Related posts