
काशीपुर। चार दिन पहले लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। कलयुगी बेटा ने अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर अपने पिता की गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने खुलासा कर आरोपी बेटा और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा आरोपी फरार है। पिता चौथी बार शादी करने की तैयारी में था, जिससे उसके बेटे को संपत्ति से बेदखल होने का भय पैदा हो गया और उसने पिता को ठिकाने लगा दिया। घटना मोहल्ला सुभाषनगर में 27 जून की रात की है। हत्याकांड का खुलासा करने में कोतवाल डीसी ढौंडियाल और उनकी टीम काफी सरगर्मी से जुटी थी।
मंगलवार को कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीओ प्रकाश आर्य ने बताया कि सतपाल ने अपने पिता बलवीर सिंह की हत्या अपने को मकान से बेघर होने क ी आशंका के चलते की। सीओ के मुुताबिक घटना की रात 9 बजे सतपाल की पत्नी अंजू ने अपने ससुर के खाने में बेहोशी की आठ गोलियां मिला दी। खाना खाते ही बलवीर बेहोश हो गया। तब सतपाल और उसका साला भारत सिंह ने बलबीर की गला दबाकर हत्या कर दी। फिर शव को बाइक में ले गए और खोखरा देवी मंदिर के निकट श्मशान घाट के पास फेंक दिया। जब वह लौट रहे थे तभी बलवीर के कराहने की आवाज आई। तब सतपाल ने ब्लेड से अपने पिता का बेरहमी से गला रेत दिया।
आरोपी बाइक को प्रकाश सिटी के पास फेंक कर घर आ गए। सीओ ने बताया कि सतपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि ग्राम चांदपुर थाना भगतपुर मुरादाबाद (यूपी) निवासी भारत उर्फ बंटी फरार है। हत्या का खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल दिनेश चंद्र ढौंडियाल, अरुण सैनी, नासिर हुसैन, वीरेंद्र चंद्र रमोला, पीडी जोशी, हीरा सिंह डांगी, अवधेश कुमार, भुवनेश्वर सिंह, बसंत पांडे शामिल थे।
