
अल्मोड़ा। नगर के राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कालेज में शिक्षिकाओं के आधा दर्जन पद लंबे समय से खाली हैं। गणित, भौतिक विज्ञान समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों की शिक्षिकाएं नहीं होने से पठन-पाठन पर असर पड़ रहा है।
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1941 में नगर में बालिका मिडिल स्कूल की स्थापना की गई। 1946 में इसे हाईस्कूल की मान्यता मिली। 1949 में विद्यालय का इंटरमीडिएट में उच्चीकरण हुआ। वर्तमान में विद्यालय में एलटी संवर्ग में हिंदी, गणित, विज्ञान और भौतिक विज्ञान, भूगोल, मनोविज्ञान प्रवक्ताओं के पद खाली हैं। स्थिति यह है कि भौतिक विज्ञान प्रवक्ता का पद 2003-04 नहीं भरा गया है। भूगोल प्रवक्ता के खाली पद पर आठ सालों से नियुक्ति नहीं हुई है।
महत्वपूर्ण विषयों की शिक्षिकाएं नहीं होने के कारण छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इधर विद्यालय की प्रधानाचार्या सावित्री टम्टा का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई लेकिन खाली पद अब तक नहीं भरे गए हैं। हालांकि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शिक्षक रखे गए हैं।
