बजट के बावजूद नहीं सुधर रही पार्कों की दशा

हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर द्वारा शहर के पार्कों की अनदेखी की जा रही है। पार्कों की दशा सुधारने को बजट का प्रावधान भी है लेकिन पार्कों की दशा को नहीं सुधारा जा रहा है। ऐसे में बच्चों को मजबूरन सड़कों पर खेलने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय बाशिंदों में रूप लाल, तरसेम सिंह, छोटू, अनु कुमारी, रोहित शर्मा, विनीत कुमार, राहुल, दिनेश, सुमित शर्मा, नवीन कुमार आदि का कहना है कि नप हमीरपुर के अंतर्गत सभी पार्कों की हालत खस्ता बनी हुई है। अधिकतर पार्कों में झाड़ियां और भांग आदि उगी हुई है और पार्कों को लोगों ने पार्किंग स्थल बना दिया है। दिन रात पार्कों में वाहन खड़े रहते हैं। बच्चों को खेलने के लिए कोई स्थान नहीं बचा है। लोगों को सैर के लिए भी सड़कों का रुख करना पड़ रहा है। हालांकि नप पार्षदों ने भी बैठक में पार्कों की दशा सुधारने का मुद्दा जोर शोर से उठाया था जो अब दोबारा ठंडे बस्ते में पड़ गया है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद नप ने पार्कों की दशा सुधारने की जहमत नहीं उठाई है।
उधर, नप अध्यक्ष दीप कुमार बजाज ने माना कि बजट में पार्कों के रखरखाब को बजट का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि शहर के जिन पार्कों में झाड़ियां आदि उगी हैं और वाहन पार्क हैं उन्हें हटा दिया जाएगा।

Related posts