औंधे मुंह गिरा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर पंचायत समिति अध्यक्ष के खिलाफ लाया गया प्रस्ताव औंधे मुंह गिर गया है। अविश्वास प्रस्ताव पर फैसले के लिए दूसरी बार आयोजित बैठक में भी अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वाले सदस्य ही नहीं पहुंचे। पिछली बार आयोजित बैठक में भी सदस्य नहीं पहुंचे थे लेकिन तकनीकी कारणों से प्रस्ताव गिरने से बच गया था। अविश्वास प्रस्ताव पर दस सदस्यों ने हस्ताक्षर किए थे लेकिन बैठक में केवल पांच सदस्य ही उपस्थित हुए। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अधिकारी मनोज कुमार कर रहे थे। अब अगले दो साल तक अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया जा सकेगा। कहा जाए तो भाजपा पंचायत समिति अध्यक्ष की कुर्सी बचाने में सफल रही है।
बैठक से पूर्व भाजपा समर्थकों को अध्यक्ष के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गिरने का पूरा विश्वास था। भाजपा मंडल महामंत्री पहले से ही खुश नजर आ रहे थे। अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बैठक का समय सुबह 11 बजे रखा था। जोगेंद्र ठाकुर, एकता वर्मा, अंजू, प्रकाशो और सोनू करीब साढ़े 11 बजे एक साथ पहुंचे, कुछ समय इंतजार का क्रम चलता रहा। निर्णय लेने के लिए एक बजे का समय रखा गया था, एक बजे तक बैठक का कोरम पूरा नहीं हो पाता है। इसके पश्चात प्रस्ताव के गिरने की घोषणा की जाती है।
समय समाप्त होने के बाद भाजपा मंडलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, महामंत्री अंकुश गुप्ता, जगदीश ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर, सुरेश, पीसी चौहान बीडीओ कार्यालय पहुंचते हैं। कुछ देर बाद अध्यक्ष प्रताप सड़ियाल सबके साथ कमरे से बाहर पहुंचे। जिला पंचायत अधिकारी मनोज कुमार ने आगामी 2 वर्ष तक अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव न ला पाने के नियम की सूचना दी।

पांच जून को भी हो चुकी है बैठक
जोगेंद्र ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने पंचायत समिति अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव रखा था। हालांकि अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पांच जून को भी बैठक रखी गई थी लेकिन पांच सदस्य ही बैठक में पहुंचे थे। बैठक की अध्यक्षता करने वाली उपाध्यक्ष भी बैठक में नहीं पहुंची थी जिस कारण बैठक स्थगित कर दी गई थी। इसके बाद स्थिति पर निदेशालय से निर्देश मिलने पर मंगलवार को बैठक निर्धारित की गई थी। पंचायती राज नियमों के अनुसार अब अगले दो साल तक सदस्य अविश्वास प्रस्ताव नहीं रख पाएंगे।

Related posts