
शिमला। टुटू में दो सप्ताह से पीने के पानी की सप्लाई प्रभावित है। मंगलवार को लगातार चौथे दिन भी क्षेत्र में पानी की सप्लाई नहीं हुई। करीब दस हजार लोगों की जनसंख्या वाले इस क्षेत्र में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग पानी की आपूर्ति करता है। लोअर टुटू, शिवनगर और टुटू चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ी।
नगर निगम का टुटू वार्ड शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के तहत आता है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह यहां से विधायक हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में तीन दिन बाद पानी की सप्लाई दी जाती है लेकिन बीते दो सप्ताह से तीन दिन बाद भी सप्लाई नहीं मिल रही है। मंगलवार को लगातार चौथे दिन पानी नहीं मिला है। स्थानीय निवासी पुरुषोत्तम शर्मा, करण पाल, बिट्टू, होशियार सिंह, केएल चौहान, प्रताप शर्मा और आरएल ठाकुर ने कहा कि टुटू में 80 फीसदी से अधिक कनेक्शन आईपीएच के हैं। टुटू मजठाई परियोजना में आए दिन समस्या होने के चलते लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ता है। पेयजल योजना में गाद आने और बिजली की अनियमित आपूर्ति के चलते पेयजल योजनाओं में पंपिंग प्रभावित होती है। उधर, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल मेहता ने कहा कि अनियमित बिजली आपूर्ति के चलते पानी की पंपिंग प्रभावित हो रही है।
