
धर्मपुर (मंडी)। ग्राम पंचायत धर्मपुरके बनवार कलां निवासी डा. पुष्पेंद्र कुमार को साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग भारत सरकार की ओर से यंग साइंसटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रोजेक्ट में खोज के लिए 32 लाख रुपए मिलेंगे। यह प्रोजेक्ट तीन साल में पूरा होगा। इस प्रोजेक्ट के तहत डा. पुष्पेंद्र कुमार पंजाब के मालवा क्षेत्र में फैल रहे कैंसर के कारणों का पता लगाएंगे।
बनवार कलां निवासी प्रोमिला शर्मा और जीवन राम शर्मा के घर जन्मे डाक्टर पुष्पेंद्र कुमार की इस उपलब्धि से धर्मपुर क्षेत्र ही नहीं, बल्कि प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। डा. पुष्पेंद्र कुमार गुरु ग्रंथ साहिब विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग मेंसहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनका कहना है कि उन्हें प्रोजेक्ट में खोज के लिए 32 लाख रुपए मिलेंगे। यह प्रोजेक्ट तीन साल में पूरा होगा। इस प्रोजेक्ट के जरिये पंजाब के मालवा क्षेत्र में फैल रहे कैंसर के कारणों का पता लगाया जाएगा। यदि कैंसर का कारण कीटनाशक हैं तो वहां ऐसे बैक्टीरिया पैदा किए जा सकते हैं जो उन्हें खत्म करने में सहायक होंगे। अध्ययन से यह भी बताया जा सकेगा कि वहां वातावरण में कौन से बैक्टीरिया मौजूद हैं और उन्हें वातावरण में शुद्धि के लिए कैसे प्रयोग किया जा सकता है। वहीं इस सम्मान के लिए पुष्पेंद्र को माता-पिता, भाइयों व रिश्तेदारों ने बधाई दी। गुरु ग्रंथ विश्वविद्यालय के उपकुलपति डा. गुरमोहन सिंह वालिया से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में शोध कार्य हो रहे हैं और उन्होंने इसके लिए प्रोफेसर पुष्पेंद्र को उनकी सफलता के लिए बधाई भी दी।
