रैली से सैनिकों को सलाम

मंडी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंडी इकाई की ओर से उत्तराखंड त्रासदी में लोगों को बचाने में जुटे सेना के जवानों का उत्साह बढ़ाने के लिए रैली निकाली गई। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने वंदेमातरम और सेना के नारे लगाए। साथ ही रेस्क्यू आपरेशन में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मंगलवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कालेज परिसर से चौहट्टा बाजार तक रैली निकाल कर उत्तराखंड त्रासदी में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे सेना के जवानों का उत्साह बढ़ाया। एबीवीपी इकाई अध्यक्ष योगेश ठाकुर ने कहा कि सेना के जवानों ने उत्तराखंड में 16 और 17 जून को हुई तबाही में लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जोकि प्रशंसनीय है। देश के लोगों को सेना के जवानों पर गर्व है। सैनिकों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। रेस्क्यू आपरेशन के दौरान ही हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से कई सैनिक शहीद हो गए। एबीवीपी कार्यकर्ता सैनिकों के अदम्य साहस को सलाम करते हैं। सतीश ने कहा कि भारी तबाही से उत्तराखंड में सड़क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गए थे। ऐसी चुनौती का सामना करते हुए सेना के जवानों ने सैकड़ों लोगों की जान बचाई। परिषद की ओर से सैनिकों का उत्साह बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।

Related posts