प्राकृतिक आपदा के समय सतर्क रहें : एसडीएम

जोगिंद्रनगर (मंडी)। एसडीएम किशोरी लाल ने कहा कि किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग अपनी मशीनरी को दुरुस्त रखें तथा त्वरित कार्रवाई करें, ताकि आपदा के समय जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मंगलवार को आयोजित आपदा प्रबंधन की बैठक में उपमंडल स्तरीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन, आईपीएच आपदा के दौरान आपस में बेहतर तालमेल बिठा कर सक्रियता से कार्य करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा कि वे विशेष परिस्थितियों को छोड़ कर अपने अधीन कर्मचारियों को अवकाश पर न भेजें। उपमंडल के सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सलाह दी कि वे बरसात के दौरान पेयजल भंडारण टैंको में क्लोरीन डालना सुनिश्चित करें। क्लोरीन की गोलियां उपमंडल के सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध हैं।
उन्होंने क्षेत्र की जनता से आह्वान किया कि वे बरसात के समय अपनी जान जोखिम में डाल कर नालों, खड्डों और नदियों को आर-पार न करें और न ही अपने पशुओं को चराने के लिए ऐसे स्थानाें पर ले जाएं। बैठक में नायब तहसीलदार दुर्गा दत्त यादव, थाना प्रभारी अमर सिंह, सीडीपीओ चौंतड़ा वीरेंद्र आर्य, सचिव नगर पंचायत शिव सिंह सेन, आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता बीबी गोयल आदि मौजूद रहे।

Related posts