
बिलासपुर। शहर के धौलरा स्थित बाबा नाहर सिंह मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं की आमद का सिलसिला शाम तक जारी रहा। इस दौरान भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय हो उठा। शहर के मुख्य व्यवसायी केवल कुमार मुरगई की ओर से भंडारे का आयोजन भी किया गया।
धौलरा स्थित बाबा नाहर सिंह मंदिर में भक्तों के कई जत्थे तो गत सोमवार रात को ही पहुंच गए थे। मंगलवार को श्रद्धालुओं की आमद तड़के करीब पांच बजे से ही शुरू हो गई। देखते ही देखते मंदिर प्रांगण से बाहर पार्किंग स्थल तक लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। श्रद्धालु कतारों में खड़े रहकर मंदिर में दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। इस दौरान मंदिर में भजन-कीर्तन का सिलसिला जारी रहा, जिससे माहौल भक्तिमय हो उठा। दोपहर बाद तक भक्तों की कतारें लगी रही, जबकि श्रद्धालुओं की आमद शाम तक जारी रही।
मंगलवार को शहर के मुख्य व्यवसायी केवल कुमार मुरगई की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई। सुबह से शुरू हुआ भंडारा शाम तक जारी रहा। बिलासपुरी धाम का आयोजन किया गया। केवल कुमार मुरगई, परिवार के सदस्य, सगे-संबंधी तथा मित्र भंडारे में निस्वार्थ भाव से सेवा में जुटे रहे। इसमें महिलाआें की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
