प्रथम सेमेस्टर में देने होंगे सात पेपर

रामपुर बुशहर। पीजी कालेज रामपुर के सभागार में रूसा पर विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कालेज के प्रो. संदीप ठाकुर ने प्रथम वर्ष के छात्रों को रूसा के बारे में जानकारी दी। छात्रों को बताया गया कि प्रथम सेमेस्टर में सात पेपर देने होंगे।
विवि के मार्गदर्शन के अनुसार छात्रों को इन सात पेपरों में से मुख्य विषय के दो पेपर देने होंगे। इसके साथ ही दो और पेपर जरूरी होंगे। इसमें पहले पेपर के लिए अंग्रेजी, हिंदी, सामाजिक विज्ञान, भूगोल, बेसिक साइंस, पर्यावरण विज्ञान आदि विषय में एक को चुनना होगा। इसी प्रकार दूसरा पेपर स्किल बेस पर आधारित होगा। इसमें फंक्शनल अंग्रेजी, ऑफिस कंप्यूटिंग, फंक्शनल हिंदी, सचिवालय कार्य पद्धति, शॉर्ट हैंड व वेब एप्लीकेशन आदि विषयों में छात्रों को एक विषय चुनना होगा। पांचवें व छठे पेपर के लिए मुख्य विषय के अलावा छात्रों को दो अन्य विषय चुनने होंगे जो महाविद्यालय में पढ़ाए जाते हैं। अंतिम पेपर सामान्य रुचि और हॉबी पर आधारित होगा। इसमें फोटोग्राफी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, हिस्ट्री आफ साइंस और चित्रकला में से कोई एक विषय छात्र चुन सकते हैं।
शिविर में कालेज के प्राचार्य डा. एसबी नेगी, डा. सुनील शर्मा, प्रो. अवधेश यादव, प्रो. हेमराज, प्रो. प्रेम प्रकाश, प्रो. सुभाष चंद्रा और प्रो. प्रताप ठाकुर आदि मौजूद रहे।

Related posts