
हल्द्वानी। राजकीय महिला डिग्री कालेज में नये सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होगी, इसकी कालेज प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। छात्राओं को प्रवेश आवेदन फार्म मंगलवार से मिलेंगे। उच्चशिक्षा विभाग का प्रदेश का एक मात्र राजकीय महिला डिग्री कालेज यहां संचालित हो रहा है। महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं शुरू न होने के कारण इसमें छात्राओं की संख्या अपेक्षा के अनुसार नहीं बढ़ पा रही है। कालेज में स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी और बीकॉम की कक्षाएं चल रही हैं। कालेज के प्राचार्य डा. जीएस बिष्ट ने बताया कि नये सत्र के लिए प्रवेश आवेदन फार्म दो जुलाई से वितरित किए जाएंगे तथा दूसरे सप्ताह में ग्रीष्म अवकाश समाप्त होने के उपरांत प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर जाएगी। इसके लिए प्रवेश कमेटियों का गठन कर लिया गया है। कुमाऊं विश्वविद्यालय के नियमों के तहत बीए में प्रवेश के लिए छात्रा के इंटरमीडिएट में 40 प्रतिशत अंक होने अनिवार्य हैं जबकि बीएससी में प्रवेश के लिए इंटरमीडिएट में 45 प्रतिशत अंक होने अनिवार्य हैं। उन्होंने बताया कि बीकॉम में प्रवेश के लिए इंटरमीडिएट में वाणिज्य विषय सहित 40 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण अथवा इंटरमीडिएट कला/विज्ञान में 45 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। इंटरमीडिएट वाणिज्य विषय के साथ उत्तीर्ण छात्रा को प्रवेश में वरीयता दी जाएगी। प्राचार्य डा. बिष्ट ने कहा कि महाविद्यालय में छात्राओं के लिए पढ़ाई का बेहतर माहौल है तथा तीनों संकायों कला, विज्ञान और वाणिज्य में सभी विषयों के प्राध्यापक नियुक्त हैं। महाविद्यालय में छात्राओं के अधिक से अधिक प्रवेश हो सकें, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
