
नई टिहरी। जिला पंचायत अध्यक्ष और गुनसोला हाइड्रो पावर जनरेशन के अध्यक्ष व प्रबंधक निदेशक रतन सिंह गुनसोला द्वारा ढुंगीधार में किए गए अतिक्रमण हटाने के मामले में विवाद बढ़ता जा रहा है। गुनसोला ने तहसील प्रशासन पर पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंबिका सजवाण के दबाव में निर्माण कार्य को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अतिक्रमण किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है। प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए।
गुनसोला ने यहां जारी बयान में कहा गया है कि 29 जून को तहसील प्रशासन ने उनकी कंपनी के अस्थायी टीन की बाउंड्रीवाल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग टैंक तोड़ दिया है। जबकि 3 जून को उच्च न्यायालय के आदेश पर कंपनी ने ढुंगीधार में 270 वर्ग मीटर में काम करने की अनुमति दी है। अंबिका सजवाण ने 1140.87 वर्ग मीटर भूमि पर अतिक्रमण किया है। जिस पर 200 वर्ग मीटर पर होटल का अवैध निर्माण चल रहा है। उस पर प्रशासन ने क्यों कार्रवाई नहीं की यह बड़ा सवाल है। उन्होंने बताया कि गुनसोला हाइड्रो पावर जनरेशन कंपनी को स्वीकृत 270 वर्ग मीटर भूमि में से 230 वर्ग मीटर पर भवन बना हुआ और 40 मीटर खाली है।
