
शक्तिफार्म। आम के पेड़ पर चढ़े अजगर से गांव में खलबली मच गई। वहीं युवाओं के लिए अजगर कौतूहल का विषय बना हुआ था। वन कर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे युवक ने अजगर को पकड़ना चाहा तो उसने डंस लिया, लेकिन शायद युवक पर जहर का असर नहीं हुआ और युवक ने फिर हिम्मत दिखाकर अजगर को अपने वश में कर पास के जंगल में छोड़ दिया।
सोमवार तड़के छह बजे देवनगर निवासी विष्णु मिस्त्री के घर के आंगन में लगे आम के पेड़ पर करीब 7 फीट लंबा अजगर चढ़ा हुआ था। विष्णु की जब अजगर पर नजर पड़ी तो चीख निकल गई और गांव में भी खलबली मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बाराकोली वन क्षेत्र के कर्मियों को दी। जिस पर वन कर्मी उसे पकड़ने वाले युवक को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों के पास अजगर पकड़ने के लिए न तो जाल था और न ही कोई अन्य उपकरण। इस पर युवक ने अपनी जान जोखिम में डाल काफी जद्दोजहद कर अजगर को अपने वश में किया।
