
रुद्रपुर। सरकार ने इंदिरा आवास योजना की धनराशि बढ़ा दी है। अब आवास बनाने के लिए मैदानी क्षेत्र के पात्रों को 70 हजार और पर्वतीय क्षेत्रों में 75 हजार दिए जाएंगे। सरकार ने पात्रों को नई धनराशि के मुताबिक लाभान्वित करने का निर्देश जारी कर दिया है।
बता दें कि केंद्र सरकार की इंदिरा आवास योजना का लाभ बीपीएल वर्ग के आवासहीन, विधवा, शारीरिक व मानसिक रूप से विकलांग, मुक्त बंधवा मजदूर, बाढ़ आपदा पीड़ित एससी/एसटी/अल्पसंख्यक, एक्स सर्विसमैन के साथ ही नान बीपीएल सैनिक विधवाओं को दिलाया जाता है। अब तक मकान बनाने के लिए मैदानी क्षेत्र में 45 हजार और पर्वतीय क्षेत्रों में साढे़ 48 हजार रुपये दिए जाते थे। इस धनराशि से मकान बनाना टेढ़ी खीर था। हाल ही में केंद्र सरकार ने निर्माण सामग्री की बढ़ी हुई दरों और महंगाई को देखते हुए मैदानी क्षेत्र में यह धनराशि बढ़ाकर 70 हजार और पर्वतीय क्षेत्र के लिए 75 हजार कर दी है। ग्राम्य विकास विभाग परियोजना निदेशक बालकृष्ण ने बताया कि बढ़ी हुई दरों के अनुसार ही पात्रों को लाभान्वित करने का निर्देश जारी कर दिया है। बताया कि फिलहाल बजट नहीं मिला है, जल्द ही बजट मिलने की उम्मीद है। कहा कि पात्रों को लाभान्वित करने के लिए जिले में बीपीएल पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। बताया कि प्रतीक्षारत सूची के पात्रों को भी बढ़ी हुई धनराशि के अनुसार ही लाभ दिलाया जाएगा।
