नामधारी को कोर्ट में पेश किया

रुद्रपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने के मामले में चड्ढा बंधु हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुखदेव सिंह नामधारी को दिल्ली पुलिस ने तृतीय अपर सिविल जज पारूल गैरोला की अदालत में पेश किया। न्यायालय में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद उसे दिल्ली पुलिस वापस तिहाड़ जेल ले गई। मामले में अगली तिथि 12 जुलाई को नियत की गई है।
न्यायालय परिसर में नामधारी के समर्थकों की भारी भीड़ रही। भीड़ के बीच से नामधारी को ले जाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। न्यायिक सूत्रों के मुताबिक 21 मार्च 2008 को बाजपुर के विधायक अरविंद पांडे, सुखदेव सिंह नामधारी समेत 21 लोगों ने एसएसपी कैंप कार्यालय के बाहर बाजपुर में जानलेवा हमले के आरोपी हरदीप सिंह को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगाया था। इससे यातायात बाधित हो गया था। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार जायसवाल ने 21 लोगों के खिलाफ 147, 341, 504 आईपीसी एवं 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। उधर दिल्ली में चड्ढा बंधु हत्याकांड में पकड़े जाने के बाद से नामधारी तिहाड़ जेल है। सोमवार को दिल्ली पुलिस ने नामधारी को रुद्रपुर न्यायालय में भारी सुरक्षा के बीच पेश किया। न्यायालय में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद दिल्ली पुलिस नामधारी को वापस तिहाड़ जेल ले गई। नामधारी के आने की जानकारी जब समर्थकों को मिली तो वे कोर्ट में काफी संख्या में पहुंच गए।

Related posts