
उत्तरकाशी। डुंडा प्रखंड के धौंतरी क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर राजस्व पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दिया है। मेडिकल में बलात्कार की पुष्टि हुई है।
धौंतरी क्षेत्र की नाबालिग ने बताया कि रविवार की रात को कुछ युवक उसका मुंह बंद कर उठा ले गए। उन्होंने रातभर उसके साथ बलात्कार कर सुबह छोड़ दिया। पीड़िता की जानकारी पर उसके पिता ने राजस्व पुलिस को दी तहरीर में सिरी गांव के 23 वर्षीय प्रह्लाद पुत्र दीनदयाल के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 376 में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जिला अस्पताल में लड़की का मेडिकल कराया गया, जिसमें बलात्कार की पुष्टि हुई है। राजस्व उपनिरीक्षक जोत सिंह नेगी ने बताया कि लड़की फिलहाल घबराई हुई है। वह आरोपी के साथ किसी और के भी बलात्कार में शामिल होने का आरोप लगा रही है। यदि कुछ और लोगों के इस घटना में शामिल होने की बात सामने आई तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
