
बागेश्वर। रीमा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत खड़िया खनन से बने गड्ढे में नहाने गए दो मासूमों की मौत का मामला अब गहराने लगा है। रीमा पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह ने कपकोट थाने में माइनिंंग मैनेजर के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है। इधर एसडीएम फींचा राम ने सोमवार को घटना स्थल का मौका मुआयना किया।
रीमा पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि बाफिलागांव में एक खड़िया कंपनी द्वारा खड़िया खनन के बाद गड्ढों को नहीं भरा गया था। क्षेत्र में बारिश होने से इन गड्ढों में पानी भर गया। इस पानी में शुक्रवार को बाफिलागांव के ठाड़ाइजर तोक निवासी मोहन राम का सात वर्षीय पुत्र पुष्कर राम नहाने चला गया। तैरते-तैरते वह डूब गया। उसे डूबते देख पास पर खड़ा उसका भाई 12 वर्षीय पवन कुमार ने भी कूद लगा दी और वह भी वहीं डूब गया। दोनों की डूबने से मौत हो गई। इस मामले में किसी ने भी पुलिस में किसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। ग्रामीणों की सूचना पर उन्होंने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। शवों को गड्ढो से बाहर निकाला। रविवार को शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया। उन्होंने माइनिंग मैनेजर के खिलाफ कपकोट थाने में 304 के तहत एफआईआर दर्ज करा दी है। इधर एसडीएम फींचा राम ने सोमवार को घटनास्थल का मौका मुआयना किया। क्षेत्र पंचायत दिनेश गड़िया ने कहा कि क्षेत्र में और भी खदान क्षेत्र में गड्ढे पानी से भरे हैं। उन्हें शीघ्र भरने की मांग की।
