
बागेश्वर। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण 14 दिन तक आपदा प्रभावित क्षेत्रों का पैदल दौरा करने के बाद बाद सोमवार को हेलीकाप्टर से यहां लौट आए हैं। इस दौरान उन्होंने लगभग 120 किमी की पैदल यात्रा की। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्र में रहकर लोगों के दु:ख-दर्द बांटे। सेना की मदद से पिंडारी ग्लेशियर और द्वाली में फंसे लोगों को भी सुरक्षित निकाला।
मालूम हो कि 17 जून को भीषण बारिश से पिंडर नदी में बने पुल बह गए। जिस कारण पिंडर पार के लोग पूरी दुनिया से कट गए। 18 को क्षेत्रीय विधायक ललित फर्स्वाण सेना की रेस्क्यू टीम के साथ यहां से रवाना हुए। उन्होंने सबसे पहले द्वाली और सुंदरढुंगा में फंसे यात्रियों और स्कूल बच्चों के दल को सुरक्षित जिला मुख्यालय भेजा। उसके बाद किलपारा, बदियाकोट, कुंवारी, समडर, बोरबलड़ा, सोराग, बाछम, खाती आदि गांवों का लगभग 120 किमी पैदल यात्रा की। सेना के सहयोग से क्षेत्र में तीन महीने का खाद्यान्न भंडारण करवाया। हेलीपैड पर हुई वार्ता में उन्होंने बताया कि वह मंगलवार को लोहारखेत, धाकुड़ी क्षेत्र में जाएंगे। बंद सड़कों को शीघ्र खुलवाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने लोगों से भी इस आपदा की घड़ी में अधिक से अधिक सहयोग की अपील की।
