दसवीं पेयजल स्कीम से गंदले पानी का आपूर्ति

गलोड़ (हमीरपुर)। पेयजल योजना दसवीं से दर्जनों गांवों को गंदले पानी की आपूर्ति हो रही है जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल विभागीय अधिकारियों से मिला और स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाने की मांग की।
बारिश के चलते स्कीम के टैंक में मिट्टी और गाद भर गई है। योजना के सभी टैंकों से घरों में गंदले पानी की सप्लाई हो रही है। नलों में गंदा पानी आ रहा है, जो पीने योग्य नहीं है। स्कीम से मकडाना, मैड़, रोपड़ी, गोईस, भतनेडी नगुल, दसवीं, टीहरी, खुंगन, कोटलू, फाहल, डडोह, फारसी आदि गांवों के करीब पांच हजार आबादी को पेयजल सप्लाई होती है लेकिन गंदले पानी की आपूर्ति के चलते क्षेत्र में कभी भी जलजनित रोग फैल सकता है। लोग पानी की किल्लत के चलते गंदला पानी पीने को मजबूर हैं।
लोगों का आरोप है कि पहले भी विभागीय अधिकारियों को समस्या के प्रति अवगत करवाया जा चुका है लेकिन विभाग ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। सोमवार को क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल विभागीय अधिकारियों से मिला और समस्या के समाधान की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में उपप्रधान फाहल विजय कुमार, रत्न चंद, तरसेम पाल, राकेश कुमार, बाबू राम, बीआर टेलर, दीवान चंद, ब्रह्म दास, महिला मंडल प्रधान पुष्प लता, जगदीश चंद, अमर नाथ, बांकू राम, अजीत कुमार, योगेश कुमार, शिव कुमार आदि मौजूद रहे।
उधर, गलोड़ सब डिवीजन के जेई हरभजन सिंह का कहना है कि पानी के लेवल को बनाए रखने को गैलरी के समीप सात फुट उंचा चैकडैम लगाया गया है। इससे पानी का रिसाव गैलरी में हो रहा है। यदि ग्रामीणों को समस्या आई है तो विभाग शीघ्र ही उचित कदम उठाएगा।

Related posts