फजीहत के डर से फौरन दी पानी की सप्लाई!

सोलन । सोलन शहर के बीचोंबीच स्थित गर्ल्स स्कूल में पानी की सप्लाई को लेकर स्कूल प्रबंधकों और नगर परिषद के अधिकारियों के बीच ठन गई है। स्कूल प्रबंधकों के अनुसार करीब 2000 छात्राएं पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रही थी। चार दिनों से स्कूल में पानी की सप्लाई बाधित रही। छात्राएं घर से पानी ला रही थीं। नगर परिषद के अधिकारियों को बार-बार सूचित करने के बावजूद भी पानी की सप्लाई सुचारु नहीं हो सकी। वहीं नगर परिषद के अधिकारियों ने चार दिनों से पानी न पहुंचने से साफ इंकार कर दिया। उनका कहना था कि वह इस बात को नहीं मान सकते कि चार दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है।
ऐसे में मीडिया में बात उछली। इसके बाद संबंधित अधिकारी कर्मचारी हरकत में आए और पानी की सप्लाई बहाल कर दी। अध्यापकों का कहना है कि उनकी शिकायतों को अनसुना किया जाता रहा। मीडिया में बात उछलने के बाद फजीहत के डर से बाद सोमवार दोपहर बाद 2:30 बजे पानी की सप्लाई सुचारु कर दी गई।
वहीं इस संबंध में स्कूल के अध्यापक मदन हिमाचली ने कहा कि उन्होंने नगर परिषद के एसडीओ को फोन पर सूचित किया, लेकिन उन्होंने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। बाद में मीडिया के माध्यम से अधिकारियों के समक्ष परेशानी रखी गई। चार दिनों तक स्कूल में पानी की बूंद तक नही आई। सोमवार को भी दोपहर बाद पानी की सप्लाई आई। वहीं नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी पुरुषोत्तम चौधरी ने कहा कि चार दिनों से सप्लाई बाधित रहने की बात झूठी है। गिरि योजना से सप्लाई कम आने की वजह से एक या दो दिन तक सप्लाई बाधित हो सकती है।

Related posts