
शिमला। दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसी सप्ताह से सीटी स्कैन टेस्ट हो सकेंगे। आईजीएमसी के रेट पर ही यहां मरीजों को सुविधा मिलेगी। आईआरडीपी परिवारों के निशुल्क टेस्ट होंगे। तीन करोड़ से लगने वाली मशीन के लिए रोगी कल्याण समिति और लोकमान्य मेडिकल स्टोर पुणे के बीच समझौता हुआ है। डीडीयू अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा नहीं है। मरीजों को यहां से टेस्ट के लिए आईजीएमसी रेफर किया जाता है, लेकिन वहां मरीजों को टेस्ट के लिए लंबी डेट दी जाती है। जब तक टेस्ट रिपोर्ट नहीं आती, तब तक मरीज का उपचार संभव नहीं होता। अब मशीन स्थापित होने से दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी। लोकमान्य मेडिकल स्टोर पुणे की तरफ से आई टीम ने अस्पताल में मशीन स्थापित करने के लिए जो जगह चिह्नित की थी, वहां का भवन नक्शा पास न होने की वजह से काम अटक गया था। अब बिजली मीटर लग गया है और इसी सप्ताह काम शुरू हो जाएगा। दावा किया जा रहा है कि संबंधित कंपनी 24 घंटे टेस्ट करेगी। इसमें आरकेएस को खाते में एक भी पैसा नहीं आएगा।
—–
सिर का सीटी स्कैन : 300 रुपये
पेट, चेस्ट, टांग : 750 रुपये
पूरे शरीर का : 1500 रुपये
ऑनलाइन मिलेगी रिपोर्ट
अत्याधुनिक तकनीक से लैस सीटी स्कैन मशीन में मरीजों को रिपोर्ट ऑनलाइन ही मिलेगी। नई मशीन केवल ऑपरेटर के माध्यम से ऑपरेट की जाएगी। मरीजों के लिए सीटी स्कैन की सुविधा 24 घंटे खुली रहेगी।
एक हफ्ते में लग जाएगी सीटी स्कैन
डीडीयू के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. दिलीप सिंह कंवर ने कहा कि एक हफ्ते के भीतर सीटी स्कैन लग जाएगी। बिजली मीटर न होने के कारण दिक्कत पेश आ रही थी, लेकिन अब मीटर लग चुका है। आईजीएमसी में निर्धारित रेट पर ही यहां शुल्क लेंगे।
