
मंडी। लोक निर्माण विभाग के औट के अहाड़ू स्थित स्टोर से रविवार रात को चोर तारकोल के आधा दर्जन ड्रम ले उड़े। वारदात के समय स्टोर में सिक्योरिटी कर्मचारी भी तैनात थे लेकिन तारकोल से भरे छह ड्रम चोरी हो गए। सिक्योरिटी को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोराें को तारकोल के ड्रम ले जाते हुए एक गाड़ी से गुजर रहे व्यक्ति ने देखा। उसकी शिकायत पर ही मामला पुलिस में दर्ज हुआ है।
चोरी की शिकायत कमलेश कुमार निवासी पार्थी गांव जिला मंडी की ओर से दर्ज करवाई गई है। कमलेश बनाला में पॉवर ग्रिड कंपनी में कार्यरत हैं। वह घटना के समय अपने वाहन से सेगली जा रहा था। जब पीडब्ल्यूडी के स्टोर के पास वह पहुंचा तो देखा कि चार-पांच लोग लोनिवि के स्टोर में रखे तारकोल के ड्रम गाड़ियों में रख रहे थे। उन्हें देखकर चोर वहां से भाग निकले। औट थाना पुलिस के आईओ खेम सिंह के मुताबिक पीडब्ल्यूडी के स्टोर में रात्रि सिक्योरिटी थी लेकिन चोराें की इस घटना का सुरक्षा कर्मचारियों को पता नहीं चला। चोराें ने लोनिवि के स्टोर से कुछ ही दूरी पर आगे सड़क पर गाड़ी खड़ी कर रखी थी। जहां तक चोर तारकोल के ड्रम सड़क पर लुढ़का कर ले गए। पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।
