जोगिंद्रनगर में हुआ कांग्रेस-भाजपा में कड़ा मुकाबला

जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी संसदीय सीट के लिए हुए उप चुनाव में जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने 491 मत अधिक प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के प्रत्याशी जयराम ठाकुर को शिकस्त दी। जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र से हुए कुल मतदान 46,224 में से प्रतिभा सिंह ने 22830 मत प्राप्त किए। जयराम ठाकुर को 22,339 मत ही प्राप्त हो सके। इसके अलावा लवण कुमार को 461 और सुभाष मोहन को 594 ही मत मिले। जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के 127 पोलिंग बूथ में कांग्रेस और भाजपा के बीच उप चुनाव के लिए हुए कड़े संघर्ष में कांग्रेस को लगभग 58 पोलिंग बूथ में बढ़त मिली। भाजपा ने क्षेत्र के लगभग 69 पोलिंग बूथ में बढ़त दर्ज की लेकिन 11 पोलिंग बूथ का आंकड़ा अधिक होने के बावजूद भाजपा को जोगिंद्रनगर में लीड नहीं मिल पाई है। तुलाह पोलिंग स्टेशन में कांग्रेस को सबसे अधिक 137 मतों की बढ़त हासिल हुई। भाजपा को 95 और कांग्रेस को 232 मत प्राप्त हुए। भाजपा को सबसे कम भटवार पोलिंग स्टेशन 59 मत में पड़े। कांग्रेस को केवल मात्र 52 ही मत प्राप्त हुए। इसके अलावा डुगली पोलिंग स्टेशन में कांग्रेस को सभी मतदान केंद्रों से 45 मत ही मिले। इस पोलिंग स्टेशन में भाजपा ने 133 मत प्राप्त किए। इसके अलावा घनयातर पोलिंग स्टेशन में भाजपा ने 250 मत प्राप्त कर कांग्रेस को लगभग 159 मतों से पीछे कर दिया। यहां पर कांग्रेस को मात्र 96 मत ही प्राप्त हो सके। इसके अलावा भाजपा ने भ्रां में 234 मत प्राप्त कर लगभग 108 मतों से कांग्रेस को पीछे धकेल दिया। यहां पर कांग्रेस को केवल मात्र 125 मतों में ही संतोष करना पड़ा। इसके अलावा भाजपा के विधायक गुलाब सिंह ठाकुर के गृह पंचायत नेरघरवासड़ा में भी भाजपा ने चार में से तीन पोलिंग स्टेशन में बढ़त बनाई। एक पोलिंग स्टेशन कुंडुनी एक में भाजपा मात्र 18 मतों से पिछड़ गई। भाजपा के मुकाबले कांग्रेस लगभग 11 मतदान केंद्रों में पीछे रहते हुए 491 मतों से बढ़त हासिल कर सकी।

Related posts