डाक्टर छुट्टी पर, मरीज बेहाल

चंबा। क्षेत्रीय अस्पताल में दो विशेषज्ञ चिकित्सकों के छुट्टी जाने से व्यवस्था प्रभावित हो गई है। अस्पताल के सर्जन और आर्थो विशेषज्ञ छुट्टी पर चल रहे हैं। उनके छुट्टी पर चले जाने से उसके वार्डों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया है। विशेषज्ञ डाक्टरों का राउंड न होने से मरीज और उनके तीमारदार परेशान हैं। दोनों वार्डों के मरीज स्टाफ नर्सों के सहारे चल रहे हैं। अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों में से कुछ की तबीयत ठीक भी हो चुकी है। इन मरीजों को छुट्टी लेने केे लिए भटकना पड़ रहा है। इससे मरीजों के तीमारदारों में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ रोष है। तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों का तीन दिन से सुबह कोई चेकअप नहीं हो रहा है। ठीक हो चुके मरीजों को छुट्टी लेने के लिए चक्कर काटने पड़ रहे हैं। तीमारदारों बलदेव कुमार, ब्रिज लाल, कमल शर्मा, अजय कुमार और हितेश ने बताया कि डाक्टरों का राउंड न होने से मरीजों का उपचार रुक गया है। उन्होंने बताया कि अगर एक चिकित्सक छुट्टी पर चला जाता है, तो उनके स्थान पर दूसरे चिकित्सक की ड्यूटी लगानी चाहिए। उधर, पता चला है कि वार्ड में तैनात किए गए चिकित्सक जरूरी कार्य से छुट्टी पर गए हुए हैं। उनके स्थान पर दूसरे डाक्टर की राउंड करने के लिए ड्यूटी नहीं लगाई गई है। इससे वार्ड के मरीजों को उचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। वार्ड की सारी व्यवस्था और मरीजों को वार्ड में तैनात स्टाफ नर्सें देख रही हैं।
इस संबंध में क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि सोमवार को तीसरी मंजिल में डा. हर्ष महाजन में राउंड किया है। चिकित्सक के जरूरी कार्य के चलते छुट्टी पर चले जाने से थोड़ी दिक्कत पैदा हुई थी। सब सामान्य हो गया है।

Related posts