
डरोह (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र सुलह में शिलान्यास पट्टिकाओं को तोड़ने का सिलसिला जारी है। क्षेत्र में एक-एक करके हुड़दंगी लोग पट्टिकाएं तोड़ रहे हैं। लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल पाया है शिलान्यास पट्टिकाएं कौन तोड़ रहा है?
पंचायत मरूंह के सूरी में लगभग तीन माह पहले रात को एक पेयजल योजना की पट्टिका तोड़ गई थी। उसके बाद बीते माह पंचायत मूंढी के नागनी चौक के पास रात को ही कुछ अज्ञात लोगों ने एक संपर्क मार्ग की शिलान्यास पट्टिका तोड़ डाली। ये दोनों शिलान्यास सुलह के पूर्व में रहे भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार द्वारा किए गए थे और उन्हीं के नाम की शिलान्यास पट्टिकाएं दोनों स्थानों पर लगी हुईं थीं। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं सुरेश कटोच, माधो राम शर्मा, तिलक राज, कश्मीर सिंह, तनु भारती, हरिदत्त, मदन ठाकुर और ज्ञान चंद ने कहा कि सुलह में ऐसी घटिया हरकतें सोची-समझी साजिश हैं। मरूंह पंचायत प्रधान मीनाक्षी नाग और भुवनेश शर्मा ने बताया कि उनकी पंचायत में पट्टिका सूरी गांव में टूटी है। उधर मूंढी पंचायत प्रधान ठाकुर सिंह ठाकुर ने भी माना कि उनकी पंचायत के गांव नागनी में भी एक शिलान्यास पट्टिका तोड़ी गई है। एसएचओ भवारना ब्रहमदास ने बताया कि दोनों मामले दर्ज होने की पुष्टि की है।
