भंजाल के प्रभात सिंह का सुराग नहीं

दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के भंजाल निवासी एवं 33 असम राइफल्स में जेसीओ के पद पर तैनात प्रभात सिंह का सुराग न लगने से उसके परिजन एवं क्षेत्रवासी काफी परेशान हैं। काबिलेगौर है कि प्रभात सिंह 33 असम राइफल के अंतर्गत शिलांग में तैनात थे। उनकी पत्नी आशा देवी ने बताया कि उनके पति प्रभात सिंह का तबादला शिलांग से मणिपुर के लिए हुआ था। आठ जून को जब प्रभात सिंह गुवाहाटी पहुंचे तो रात्रि आठ बजे उन्होंने अपनी पत्नी आशा देवी को बताया कि उन्होंने रेलगाड़ी में सामान रख दिया है और गाड़ी चलने वाली है। आशा देवी ने बताया कि तभी बात करते करते अचानक उनका फोन बंद हो गया और उनसे संपर्क नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व मिदनापुर रेलवे पुलिस ने सूचना दी कि उनके पति का सामान लावारिस हालत में मिला है। आशा देवी ने बताया कि उसके पति को गुम हुए 22 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। उन्होंने अपने पति के कमांडिंग आफिसर जगदीश कुमार से भी बात की, लेकिन वह भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं कर पाए हैं। प्रभात सिंह की पत्नी आशा देवी एवं पुत्राें पंकज एवं अजय ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की है कि उसके पति-पिता किस हालत में कहां हैं, उनका शीघ्र पता लगाया जाए। उधर, गगरेट से भाजपा प्रत्याशी रहे सुशील कालिया, भाजपा मंडलाध्यक्ष राममूर्ति शर्मा, विजय चौधरी, जिला पार्षद कमलेश कुमारी, बीडीसी चेयरपर्सन मंजू जरियाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, राजीव राजू व अजय ठाकुर ने मांग की है कि जेसीओ प्रभात सिंह का शीघ्र पता लगाया जाए।

Related posts