
कुमारसैन (शिमला)। यहां के देठू में युवक को मौत के घाट उतारने के बाद जंगल में फेंकने वाले आरोपी पुलिस के हाथ नहीं चढ़ पाए हैं। सोमवार को पुलिस घटनास्थल के आसपास डॉग स्कवॉयड की मदद से सुराग तलाशने में जुटी रही, लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिली। ऐसे में मामला पुलिस के लिए पेचीदा बनता जा रहा है। इधर, सोमवार को शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है, जिसमें मौत की वजह हेड इंजरी बताई गई है।
कुमारसैन की कोटीघाट पंचायत के बगेड़ गांव निवासी राजेश शर्मा (39) की किसी ने हत्या कर दी थी और शव जंगल में फेंक दिया था। रविवार को पुलिस ने देठू जंगल से शव बरामद किया। घटना को अंजाम किसने दिया, इसके बारे में अभी तक पता नहीं चला है। सोमवार को पुलिस टीम डॉग स्कवॉयड के साथ घटनास्थल और आसपास की जगह पर छानबीन में जुटी रही, लेकिन पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया। इससे मामला लगातार उलझता जा रहा है। ठोस सुराग के बिना मामले की तह तक पहुंचाना पुलिस के लिए आसान नहीं होगा। हालांकि, एसडीपीओ सुनील नेगी ने दावा किया कि पुलिस मामले को जल्द सुलझा लेगी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर छानबीन पूरी हो चुकी है और अब लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। उन्होंने बताया कि युवक की मौत सिर पर गहरी चोट लगने से हुई है। सोमवार को पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली है, जिसमें मौत की वजह हेड इंजरी बताई गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की तह तक पहुंचने की हरसंभव कोशिश कर रही है।
