
देहरादून: योग गुरू बाबा रामदेव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनके ना सिर्फ इस्तीफा देना चाहिए बल्कि राजनीति को भी छोड़ देना चाहिए। रामदेव का कहना है कि उत्तराखंड में फंसे लोगों को समय पर निकालने में उत्तराखंड की सरकार असफल रही है। इसी के चलते रामदेव ने बहुगुणा को इस्तीफा देने और राजनीति छोड़ने की सलाह दी है।
उत्तराखंड में राहत कार्य अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है और अभी भी 3000 के करीब लोग लापता है। उधर उत्तराखंड के आपदाग्रस्त कई गांवों में राहत सामग्री समय पर नहीं पहुंच रही जिसके चलते लोगों में सरकार के खिलाफ काफी रोष भरा हुआ है। सबसे ज़्यादा परेशानी उन क्षेत्रों को लेकर है जहाँ की सड़कें और पुल बह गए हैं।
ऋषिकेष के केदारनाथ के रास्ते में हमने पाया कि ज़्यादातर बाज़ार बंद हैं, जिन रास्तों में चहल-पहल हुआ करती थीं वो सुनसान पड़े हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अथॉरिटी के अनुसार उत्तराखंड में करीब 2200 घर तबाह हो चुके हैं, 154 पुल ढह गए हैं और 1520 सड़के बह गई हैं।
