तीन घंटे गुल रही आधे शहर की बिजली

शिमला। आधे शहर में रविवार सुबह साढ़े छह बजे से साढ़े नौ बजे तक बिजली की आंखमिचौनी ने लोगों को जमकर परेशान किया। खलीनी सब स्टेशन में आए फाल्ट के चलते मिडल बाजार, लोअर बाजार, कनलोग, माल रोड, ओल्ड बस स्टैंड, हिमलैंड, टिंबर हाउस, संजौली, समिट्री, छोटा शिमला, खलीनी, लक्कड़ बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में रविवार सुबह साढ़े छह बजे से बिजली कट लगने का सिलसिला शुरू हो गया जो साढ़े नौ बजे तक जारी रहा। क्षेत्रवार आधे से एक घंटा बिजली गुल रही। कई दिन बाद रविवार को खिली धूप में कपड़े धोने को लेकर लोगों द्वारा की गई प्लानिंग इस कारण बिगड़ गई। नहाने के लिए पानी गर्म करने से लेकर अन्य कामकाज को निपटाने में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिजली कंपनी के अधिशासी अभियंता सिटी विशेषवर शर्मा ने बताया कि खलीनी सब स्टेशन में चल रहे काम के चलते लाइन में फाल्ट आ गया था जिस कारण तीन घंटे के लिए क्षेत्रवार कट लगाए गए। सब स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए यह काम किया जा रहा है। भराड़ी से सप्लाई लेकर सुबह काम चलाया गया। एक साथ शहर में कट लगाने की बजाय क्षेत्रवार कुछ-कुछ देर के लिए कट लगाकर फाल्ट को दूर किया।

Related posts